उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने अभी से इसकी तैयारी शुरू कर दी है। RSS के पदाधिकारियों ने भाजपा नेतृत्व को निर्देश दिए हैं कि राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा जुटाने के अभियान में पार्टी के विधायकों को घर-घर भेजें, जिससे मंदिर के लिए रकम जुटाने के साथ-साथ विधायकों का जनसंपर्क अभियान भी शुरू हो जाए। इस दौरान विधायक लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे।
मंदिर निर्माण के बहाने कार्यकर्ताओं को एक्टिव करने की मुहिम
RSS के सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के सभी विधायकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में एक से 14 जनवरी तक राम मंदिर के लिए सम्पर्क अभियान चलाएं। विधायकों और पदाधिकारियों को हिदायत दी गई है कि वह इस अभियान के तहत हर घर तक पहुंचने की कोशिश करें। इस दौरान दस से एक हजार रुपए तक चंदा जुटाएं। अभियान में विधायकों के काम की निगरानी RSS करेगा।
अभियान के बारे में भाजपा के एक विधायक ने बताया कि राम मंदिर के निर्माण के लिए एक जनवरी से 14 जनवरी तक घर-घर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। पार्टी के आला अधिकारियों का निर्देश है कि इस अभियान में एक भी घर न छूटे। सबसे मदद लेने की कोशिश की जाए।
भाजपा के रणनीतिकारों की माने तो पार्टी के इस अभियान का मकसद यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना है। पार्टी के हाईकमान का मानना है कि राम मंदिर के नाम पर यदि कार्यकर्ता हर घर तक अलख जगाने में कामयाब हो गया तो आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका बहुत बड़ा फायदा मिल सकता है।
देशभर में 65 करोड़ लोगों तक पहुंचेगी विश्व हिंदू परिषद
राम मंदिर निर्माण को लेकर अपने अभियान में RSS और भाजपा के अलावा विश्व हिंदू परिषद भी जुटी हुई है। विहिप के पदाधिकारियों के मुताबिक, देशभर के सवा पांच लाख गांवों में रहने वाले 13 करोड़ परिवारों के लगभग 65 करोड़ लोगों से मुलाकात कर उन्हें अयोध्या की जन्मस्थली से सीधे जोड़ा जाएगा। उनका सहयोग, सम्पर्क और श्रद्धा राम दरबार तक पहुंचाई जाएगी।
ट्रस्ट की तरफ से दस लाख कार्यकर्ता गांव-गांव और गली-गली में राम नाम की अलख जगाएंगे।
ट्रस्ट के निर्देश पर चलेगा श्रीरामजन्म भूमि निधि समर्पण अभियान
विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने दैनिक भास्कर को बताया कि विहिप की तरफ से 44 दिनों का एक अभियान शुरू किया गया है। ऐसा अभियान अब तक इतिहास में नहीं हुआ है और न ही आने वाले समय में होने की संभावना है। यह अभियान ट्रस्ट के निर्देश पर चलाया जा रहा है। इसे श्रीरामजन्मभूमि निधि समर्पण अभियान नाम दिया गया है।
हर घर तक पहुंचेगी पांच रामभक्तों की टोली
बंसल ने बताया कि पांच-पांच रामभक्तों की टोली घर-घर जाकर चंदा इकट्ठा करेगी। इस टोली का प्रमुख चंदे को स्टेट बैंक, पीएनबी या बैंक ऑफ बडौदा की स्थानीय शाखा में जमा करेगा। इस अभियान के लिए ट्रस्ट ने दस रुपए, 100 रुपए और एक हजार रुपए के कूपन बनाए हैं। इनमें भगवान श्रीराम के मंदिर और श्रीराम की तस्वीर होगी।
बंसल के मुताबिक, एक हजार से ज्यादा चंदा देने वाले को रसीद दी जाएगी। 20 हजार से ज्यादा रुपए अकाउंट ट्रांसफर या चेक के जरिए ही लिए जाएंगे। कई लोगों ने 14 दिन तक इस अभियान में जुड़ने की पेशकश की है। बहुत लोग ऐसे भी है जिन्होंने 44 दिन के लिए घर छोड़कर राम की सेवा का फैसला लिया है। यह अब तक का सबसे अभूतपूर्व अभियान होगा।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें