भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को राहुल गांधी के भाषण का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इसमें राहुल किसानों को बिचौलियों से छुटकारा दिलाने और अपनी उपज सीधे इंडस्ट्रीज को बेचने की वकालत कर रहे हैं। इस पर नड्डा ने राहुल पर किसान आंदोलन की आड़ में राजनीति करने का आरोप लगाया।
ये क्या जादू हो रहा है राहुल जी?
पहले आप जिस चीज़ की वकालत कर रहे थे, अब उसका ही विरोध कर रहे है।
देश हित, किसान हित से आपका कुछ
लेना-देना नही है।आपको सिर्फ़ राजनीति करनी है।लेकिन आपका दुर्भाग्य है कि अब आपका पाखंड नही चलेगा। देश की जनता और किसान आपका दोहरा चरित्र जान चुके है। pic.twitter.com/Uu2mDfBuIT— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) December 27, 2020
राहुल गांधी किसान आंदोलन के पक्ष में लगातार मोदी सरकार की घेराबंदी में जुटे हैं। वे हर मंच पर तीन नए कृषि कानूनों को किसान विरोधी बता रहे हैं। दरअसल, नए कानूनों के मुताबिक, किसान मंडी के बजाय कहीं भी सीधे अपनी फसल बेच सकते हैं। इसके जवाब में जेपी नड्डा ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि ये क्या जादू हो रहा है राहुल जी? पहले आप जिस चीज की वकालत कर रहे थे, अब उसका ही विरोध कर रहे है।
क्या है राहुल के वीडियो में?
राहुल गांधी का यह वीडियो काफी पुराना है। लोकसभा में उन्होंने कहा था- कुछ साल पहले यूपी में मेरा दौरा था। एक किसान ने मुझसे सवाल पूछा। उसने कहा कि राहुल जी आप एक बात हमें समझाइए। हम आलू बेचते हैं दो रुपए किलो, लेकिन जब हमारे बच्चे चिप्स खरीदते हैं तो 10 रुपए का पैकेट आता है। उसमें एक आलू होता है। किसान ने मुझसे पूछा कि आप हमें बताइए कि यह क्या जादू हो रहा है। मैंने किसानों से पूछा कि इसका कारण क्या है।
उन्होंने कहा कि राहुल जी इसका कारण यह है कि फैक्ट्रियां हमसे दूर होती हैं। अगर हम सीधे हमारा माल फैक्ट्री में बेच पाते, तो बिचौलियों को फायदा नहीं होगा और पूरा पैसा हमें मिलेगा। यह फूड पार्क के पीछे सोच थी। तब राहुल ने मोदी सरकार पर अमेठी की फूड पार्क परियोजना को ठंडे बस्ते में डालने का आरोप लगाया था।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें