देश में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब कुल 21 राज्य और केंद्रशासित प्रदेश ऐसे हैं, जहां रिकवरी रेट राष्ट्रीय दर से भी ज्यादा है। देश में अब तक 99 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं और रिकवरी रेट 96.1% पहुंच गया है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश जैसे 21 राज्य और UT में रिकवरी रेट 96.1% से भी ज्यादा है। अरुणाचल में तो 99.1% लोग कोरोना से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।
रिकवरी रेट के मामले में अरुणाचल के अलावा आंध्र प्रदेश, ओडिशा, दादर-नगर हवेली, त्रिपुरा और असम में 98% से ज्यादा लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। वहीं, मेघालय और अंडमान-निकोबार समेत 12 राज्य और UT में 97% से ज्यादा और गोवा, नगालैंड, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में 96.1% से ज्यादा लोग पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।
24 घंटे के अंदर 19 हजार नए केस
पिछले 24 घंटे के अंदर 19 हजार 378 नए केस मिले। 22 हजार 938 लोग रिकवर हुए और 225 की मौत हो गई। देश में अब तक 1.03 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। अच्छी बात ये है कि अब तक 99.04 लाख लोग रिकवर हो चुके हैं। वहीं, अब तक 1.49 लाख लोगों की कोरोना की वजह से जान जा चुकी है।
एक्टिव केस 6 महीने में सबसे कम
इस बीच, एक्टिव केस की संख्या भी 2.50 लाख से नीचे आ गई है। अब देश में 2 लाख 48 हजार 882 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। ऐसा 4 जुलाई यानी 6 महीने के बाद हुआ है। 4 जुलाई को देश में 2 लाख 45 हजार एक्टिव केस थे।

कोरोना अपडेट्स
- UK के लिए फिर से फ्लाइट्स 8 जनवरी से शुरू हो जाएंगी। सिविल एविएशन मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 जनवरी तक हफ्ते में केवल 15 फ्लाइट्स चलेंगी। ये फ्लाइट्स दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद से होंगी। UK में कोरोना का नया स्ट्रेन मिलने के चलते 23 दिसंबर से फ्लाइट्स पर रोक लगा दी गई थी।
- देश में अब तक नए कोरोना से संक्रमित 29 लोगों में ब्रिटेन में पाया गया यह नया स्ट्रेन मिला है। एक्सपर्ट इसे पहले वाले कोरोना वायरस से 70% ज्यादा फैलने वाला बता रहे हैं।
- राष्ट्रपति भवन म्यूजियम कॉम्पलैक्स 5 जनवरी से फिर खुल जाएगा। कोविड-19 के चलते 13 मार्च को इसे बंद कर दिया गया था। इसके लिए राष्ट्रपति भवन ने आदेश जारी कर दिए हैं।
5 राज्यों का हाल
1. दिल्ली
यहां शुक्रवार को 585 नए केस मिले। 717 लोग ठीक हुए और 21 की मौत हो गई। अब तक 6 लाख 25 हजार 954 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 10 हजार 39 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 557 की मौत हो चुकी है। 5358 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
2. मध्यप्रदेश
यहां पिछले 24 घंटे में 844 नए संक्रमितों की पहचान हुई। 866 मरीज ठीक हुए और 11 की मौत हो गई। यहां अब तक कोरोना संक्रमण के 2.41 लाख केस आ चुके हैं। इनमें से 2.28 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और 3606 की मौत हो चुकी है। अब 9354 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
3. गुजरात
राज्य में शुक्रवार को 734 नए केस मिले। 907 लोग ठीक हुए और 3 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 45 हजार 772 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 31 हजार 900 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4309 लोग जान गंवा चुके हैं। 9563 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
4. राजस्थान
यहां शुक्रवार को 609 लोग संक्रमित पाए गए। 942 लोग रिकवर हुए और 4 की मौत हो गई। अब तक 3 लाख 8 हजार 852 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 2 लाख 96 हजार 929 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2700 मरीजों की मौत हो चुकी है। 9223 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
5. महाराष्ट्र
यहां शुक्रवार को 3524 नए केस मिले। 4279 लोग ठीक हुए और 59 की मौत हो गई। अब तक 19 लाख 35 हजार 636 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 18 लाख 32 हजार 825 लोग रिकवर हो चुके हैं, जबकि 49 हजार 580 मरीजों की मौत हो चुकी है। अभी 52 हजार 84 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें